गुरुग्राम। सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना को समर्पित संस्था दा पावर ऑफ ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के तत्वावधान में हीरा नगर स्थित शिव मंदिर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कटारिया हेल्थ केयर के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय मीडिया सचिव एवं कथावाचक पं. अमर चन्द भारद्वाज ने बताया कि शिविर में बी.पी., शुगर सहित विभिन्न बीमारियों की आवश्यक जाँचें पूर्णतः निःशुल्क की गईं। साथ ही उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
20 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाले चिकित्सक डॉ. संतोष कटारिया एवं डॉ. संजय ने शिविर में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ शरीर ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूँजी है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा तभी वह भजन, ध्यान, परिवार और समाज सेवा जैसे कार्य पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कर सकेगा।
यह स्वास्थ्य शिविर फाउंडेशन के नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष हर्ष सिंघल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में लगभग 175 लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच का लाभ उठाया।
शिविर के सफल संचालन में फाउंडेशन के चेयरमैन राजेश नेहरा, श्रीमती लक्ष्मी नेहरा, वाइस चेयरमैन नरेन्द्र (बांबी), महासचिव स्वामी चन्द्रशेखर, हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष के.एल. सारस्वत, अंकित सक्सैना (मीडिया सेल), अनिल बोरबाल (अक्की कपूर), रामफूल खांडसा वाले, मीनू, मनोज पाण्डेय, अजय गिरि, प्रियान्शु, गिरिजेश कुशवाह, लैब टेक्नीशियन राघव तथा हीरा नगर शिव मंदिर के पुजारी श्याम सुन्दर भारद्वाज सहित अनेक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला और स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकार के जनहितकारी आयोजनों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।








