राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह, भाजपा पर भाईचारा बिगाड़ने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
गुरुग्राम, 14 मई। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रही सद्भाव यात्रा वीरवार को पटौदी विधानसभा क्षेत्र पहुंची। यात्रा की शुरुआत जटौली स्थित कम्युनिटी हॉल से हुई और हेलीमंडी, पटौदी शहर, नाहटा चौक व मेन बाजार होते हुए संपन्न हुई। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, नूंह कांग्रेस जिलाध्यक्ष साहिदा खान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि यह सद्भाव यात्रा पिछले सात माह से लगातार चल रही है, जिसका उद्देश्य समाज में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की राजनीति के कारण समाज में विभाजन की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो सामाजिक भाईचारा मजबूत कर सकती है।
उन्होंने कहा कि जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी गुरुग्राम में सद्भाव यात्रा में शामिल हुए थे, तब उन्होंने हरियाणा की सबसे बड़ी समस्या के बारे में पूछा था। इस पर उन्हें बताया गया कि प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। बृजेंद्र सिंह ने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले छह माह में 2600 पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की गईं, लेकिन चयन केवल 200 उम्मीदवारों का हुआ और उनमें भी अधिकांश अन्य राज्यों के बताए जाते हैं।
नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों की दो वर्षों की मेहनत बर्बाद हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक कराने में सरकार से जुड़े लोग शामिल हैं।
पूर्व सांसद ने भाजपा पर धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सूचना तंत्र पर भाजपा का कब्जा है और जब राहुल गांधी सरकार से सवाल पूछते हैं तो पूरा तंत्र उन्हें बदनाम करने में लग जाता है। उन्होंने सरकार को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि उसका असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है।
बृजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की विरासत मिटाने में लगी थी और अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम को कमजोर करने के लिए भगवान राम के नाम का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना केवल नाम परिवर्तन नहीं बल्कि योजना को कमजोर करने की साजिश है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर अमेरिका के दबाव में फैसले लेने का आरोप भी लगाया और कहा कि देश के प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर मौन हैं।
यात्रा के मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल ने कहा कि राहुल गांधी के गुरुग्राम दौरे के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा को समाज के सभी वर्गों का समर्थन और सराहना मिल रही है।








