मानेसर फ्लाईओवर निर्माण की शुरुआत औद्योगिक क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम : विनोद बापना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीआईआई हरियाणा काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना ने उठाया था मामला, केंद्र व हरियाणा सरकार का जताया आभार।

गुरुग्राम (जतिन/राजा) – दिल्ली–जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-48) पर मानेसर क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से परेशान उद्योग जगत और स्थानीय नागरिकों के लिए अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मानेसर फ्लाईओवर निर्माण कार्य की शुरुआत को उद्योग जगत ने एक ऐतिहासिक और सकारात्मक कदम बताया है।गौरतलब है कि कुछ समय पहले सीआईआई हरियाणा काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य एवं कैपारो मारुति के सीईओ विनोद बापना ने इस फ्लाईओवर के मुद्दे को पूरी गंभीरता और जोर-शोर से उठाया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की थी। उसके बाद यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष पहुंचा और केंद्र सरकार ने हरियाणा सरकार के सहयोग से बिना किसी देरी के उद्योग जगत की समस्याओं को समझते हुए फ्लाईओवर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

विनोद बापना ने कहा कि यह फ्लाईओवर केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार साबित होगा। इससे गुरुग्राम, मानेसर, बावल, धारूहेड़ा तथा गुरुग्राम के आसपास स्थित सभी औद्योगिक इकाइयों को सीधा लाभ मिलेगा। कच्चा माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही में आसानी होगी, सप्लाई चेन मजबूत होगी और यातायात सुगम होने से उद्योगों की कार्यक्षमता में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि जहां यातायात की सुविधाएं बेहतर होती हैं, वहां विकास की गति भी तेज होती है। बेहतर सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था से निवेश को बढ़ावा मिलता है।

लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम के कारण उद्योगों को समय, ईंधन और उत्पादन में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था, लेकिन अब इस परियोजना से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

विनोद बापना ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरवीर सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्र और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योग जगत की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए त्वरित निर्णय लिया है, जो भविष्य में क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!