निक्षय मित्र अभियान के तहत वानप्रस्थ की अनूठी पहल, 46वीं बार टीबी रोगियों को बांटा पोषण आहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिसार। वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन क्लब द्वारा सामाजिक सेवा की उत्कृष्ट परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शिव कॉलोनी धर्मशाला में झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रहने वाले 50 टीबी रोगियों को प्रोटीन युक्त पौष्टिक आहार किट की 46वीं किस्त वितरित की गई। यह सेवा कार्य प्रधानमंत्री निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत अगस्त 2022 से लगातार संचालित किया जा रहा है।

संस्था के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने बताया कि प्रत्येक माह वितरित की जाने वाली आहार किट में दो डिब्बे प्रोटीन पाउडर, एक किलो गुड़, एक किलो काला चना, एक किलो बेसन, दो पैकेट न्यूट्रेला तथा दो साबुन शामिल किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि वानप्रस्थ संस्था पिछले 46 महीनों से टीबी रोगियों एवं जरूरतमंद वर्ग की निस्वार्थ सेवा कर समाज में सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

इस अवसर पर टीबी अस्पताल हिसार के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक ओ. पी. वर्मा एवं बालकेश कालीरामन ने रोगियों को नियमित दवा सेवन और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और उचित पोषण से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

नए रोगियों में अनीता (27), जिन्हें दोबारा टीबी हुई है, जबकि सहरूना (20), अनीता देवी (35), खुशी (19), तनुज (08) — जिन्हें दिमाग में टीबी है — तथा काजल (22), जो बहु-रोग प्रतिरोधक (एमडीआर) टीबी से पीड़ित हैं, शामिल रहे।

कार्यक्रम में डॉ. एस. एम. बहल, श्रीमती सुनीता बहल, डॉ. सुनीता सुनेजा, श्रीमती श्यामा गोसाईं और श्री मुनीश बब्बर ने रोगियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं टीबी चैंपियन सुदर्शन ने अपने स्वस्थ होने के अनुभव साझा करते हुए रोगियों को धैर्य और अनुशासन के साथ उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस सेवा अभियान में आशा वर्करों — अनीता, सुनीता, मंजू, बंटी, कैलाश, शर्मिला एवं मीना — का विशेष सहयोग रहा, जिनकी सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!