सदर बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई, 40 किलो सामान जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एमसीजी व एचएसपीसीबी की संयुक्त टीम का अभियान, नियम तोड़ने वालों के काटे चालान

जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों व आमजन को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील

गुरुग्राम, 23 अप्रैल – सदर बाजार क्षेत्र में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) गुरुग्राम नॉर्थ की संयुक्त टीमों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और वितरण करने वाले लोगों के चालान किए गए।

एसडीओ आशीष गहलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 40 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक सामान जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल नियम लागू करना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी है। उन्होंने दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्थानीय लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों को कपड़े और कागज के बैग जैसे पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक प्लास्टिक प्रतिबंध का पालन करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें