“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” विषय पर स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गुरुग्राम | जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के कुशल नेतृत्व में आयुष विभाग, गुरुग्राम ने डीपीएसजी पालम विहार में आयोजित पृथ्वी दिवस सम्मेलन 1.0 में “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” विषय के अंतर्गत मानवता परियोजना के तहत सक्रिय सभागिता निभाई।
इस अवसर पर श्री अंशुल पाठक, श्री एम. बी. सिंह (भारतीय राजस्व सेवा), श्री वैभव रुण्डवाल (भारतीय आर्थिक सेवा), श्री राज कुमार (भारतीय वन सेवा), श्री मुकेश गुप्ता, सुश्री प्रार्थना बोरा, डॉ. अनुप्रिया एवं डॉ. भूदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुप्रिया ने आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य एवं प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, प्राकृतिक जीवनशैली तथा टिकाऊ प्रथाओं को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयुष स्वास्थ्य जागरूकता प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों एवं स्टाफ को आयुर्वेद, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय, औषधीय पौधों तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
इसके साथ ही, विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से औषधीय पौधों का वितरण किया गया।
योग विशेषज्ञ डॉ. भूदेव द्वारा आयोजित योग सत्र में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को शारीरिक सुदृढ़ता, प्राणायाम, तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया।
आयुष विभाग की यह सहभागिता जनस्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण जागरूकता और समग्र स्वास्थ्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हरित भविष्य के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।









