सरकारी जमीन पर दुकान, खोखे व झुग्गियां बनाकर वसूली करने वाला आरोपी चिन्हित, 8 मामले दर्ज

गुरुग्राम, 22 अप्रैल 2026: गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। इस अभियान के तहत गांव कासन, मानेसर स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर भारी मशीनरी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया और जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।


पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बलबीर उर्फ छल्ला, निवासी गांव कासन, गुरुग्राम, ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। उसने इस जमीन पर दुकान, खोखे और झुग्गियां बनाकर किराया वसूली का अवैध नेटवर्क खड़ा कर रखा था, जिसका उपयोग अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए भी किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ चोरी, अवैध वसूली और आबकारी अधिनियम के तहत कुल 8 मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई क्राइम यूनिट पालम विहार गुरुग्राम द्वारा एचएसआईआईडीसी (HSIIDC) और डीटीपी कम नोडल ऑफिसर एनफोर्समेंट आरएस भाट के समन्वय से की गई। अभियान के दौरान पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध ढांचों को हटाया गया और पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए इस तरह के खुफिया-आधारित अभियान आगे भी और तेज किए जाएंगे, ताकि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।








