गुरुग्राम पुलिस का भूमि माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक, अवैध कब्जे ध्वस्त, सरकारी जमीन मुक्त”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“ अपराधियों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की जीरो टॉलरेंस की सख्त कार्रवाई

आरोपियों ने ग्रीन बेल्ट व मुख्य सड़क से जोड़ने वाले रोड पर किया हुआ था अवैध रूप से कब्जा

आरोपी गैंगस्टर कौशल गिरोह के हैं सदस्य

दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज है लगभग 3 दर्जन अभियोग

गुरुग्राम : 21 अप्रैल 2026 – जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त अभियान चलाते हुए शहर में अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर नजदीक फायर स्टेशन सैक्टर-1, पटौदी स्थित सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर भारी मशीनरी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त किया गया, जिससे सरकारी भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

इस कार्यवाही में अपराधी नरेंद्र उर्फ मोनू व प्रदीप उर्फ पारले दोनों निवासी गांव जनौला, गुरुग्राम को चिन्हित किया गया। इनका अपराधिक इतिहास रहा है तथा उपरोक्त आरोपी कुख्यात गैंगस्टर कौशल गिरोह के सदस्य हैं। उपरोक्त आरोपी प्रदीप पर चोरी करने,लूट करने, मारपीट,हत्या का प्रयास करने व शस्त्र अधिनियम जैसे 13 अभियोग तथा नरेंद्र पर 21 अभियोग अंकित हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था। उपरोक्त आरोपियों ने अपने मकान के साथ लगती ग्रीन बेल्ट की जमीन पर तथा मुख्य रास्ते पर जाने वाले रोड को भी बंद करके अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था।

यह कार्यवाही क्राइम यूनिट सैक्टर-31, गुरुग्राम द्वारा HSVP व डीटीपी के समन्वय से की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।

गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!