मुख्य सचिव ने की एचसीएस और नीट परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एचसीएस परीक्षा के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक अनिवार्य

चंडीगढ़, 17 अप्रैल—हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने आज 26 अप्रैल, 2026 (रविवार) को होने वाली हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) एवं संबद्ध सेवाएं प्रारंभिक परीक्षा–2025 के लिए प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (सामान्य अध्ययन) तथा दूसरा सत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (सीसैट) होगा। इस परीक्षा के लिए कुल 93,696 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं, जो राज्य के 8 जिलों में बनाए गए 337 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।

परीक्षा केंद्र अंबाला (31 केंद्र), फरीदाबाद (80 केंद्र), गुरुग्राम (56 केंद्र), करनाल (48 केंद्र), कुरुक्षेत्र (37 केंद्र), पानीपत (19 केंद्र), यमुनानगर (23 केंद्र) और पंचकूला (43 केंद्र) में बनाए गए हैं।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी आठ जिलों के उपायुक्तों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात करने तथा स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय पर एंबुलेंस स्टैंडबाय रखने को कहा गया है।

प्रत्येक जिले में स्ट्रॉन्ग रूम प्रबंधन, प्रश्न पत्र वितरण तथा परीक्षा के बाद सामग्री को हरियाणा लोक सेवा आयोग, पंचकूला भेजने की निगरानी के लिए आईएएस और एचसीएस कैडर के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को 24 अप्रैल से स्ट्रॉन्ग रूम पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, होटलों, कोचिंग संस्थानों और फोटोस्टेट दुकानों की जांच करने तथा परीक्षा ड्यूटी में लगे निजी एजेंसियों के कर्मचारियों का सत्यापन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी तलाशी, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी और आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने 3 मई (रविवार) को होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की और सभी उपायुक्तों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के लिए भी पुख्ता प्रबन्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि दोनों परीक्षाओं के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अपूर्व कुमार सिंह, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सचिव श्री एम.के. आहूजा, उप सचिव श्री सतीश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें