राष्ट्रीय खिताब जीतकर लौटे गौरव सैनी, फिटनेस और अनुशासन से युवाओं को दिया सकारात्मक संदेश

गुरुग्राम। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय मेन फिजिक्स प्रतियोगिता में विजेता बनकर “मिस्टर इंडिया” का खिताब हासिल करने वाले गौरव सैनी का गुरुग्राम पहुंचने पर जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। स्वस्थ भारत संकल्प मुहिम के संस्थापक एडवोकेट कृष्ण सैनी एवं उनकी टीम ने इस उपलब्धि पर गौरव सैनी को सम्मानित किया।
इस अवसर पर हरियाणा पुलिस के नैशनल चैंपियन राहुल राव ने केक काटकर गौरव सैनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गौरव सैनी आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं, जो अपने समर्पण और मेहनत से लगातार समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य प्रेमियों ने भी गौरव सैनी को शुभकामनाएं देते हुए उनका अभिनंदन किया। एडवोकेट कृष्ण सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में जहां युवा वर्ग नशे जैसी बुरी आदतों की ओर बढ़ रहा है, वहीं गौरव सैनी ने फिटनेस और अनुशासन के माध्यम से एक मिसाल कायम की है।
उन्होंने कहा कि गौरव की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि युवा अपने शरीर और स्वास्थ्य पर ध्यान दें, तो वे न केवल बीमारियों से दूर रह सकते हैं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी ला सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस जीत से “स्वस्थ भारत संकल्प” मुहिम को और गति मिलेगी और इसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
गौरव सैनी ने इस सम्मान के लिए अपने परिवार, समाज और मित्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपनों के सहयोग और प्रोत्साहन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। भविष्य में भी वह युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने और देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
इस सम्मान समारोह में विक्रम सैनी, कर्ण सैनी, तरुण सोनी, मनीष सैनी, राहुल राव, सचिन, जतिन, विजय, संजय, आनंद, विक्रांत, विपिन, सतीश, अनिल कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे और सभी ने केक खिलाकर गौरव सैनी को शुभकामनाएं दीं।









