डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 14 अप्रैल – हरियाणा विधान सभा सचिवालय में मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

इस अवसर पर विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधान भवन परिसर में स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके उपरांत आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद ने डॉ. अंबेडकर के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से जुड़े अनेक दुर्लभ तथ्यों को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजीव प्रसाद ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन हमें संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों और आदर्शों को अपने कार्य एवं व्यवहार में आत्मसात करें।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अंबेडकर के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!