डा. अंबेडकर का जीवन और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मोहन लाल बड़ौली
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत के लिए हरियाणा भाजपा परिवार तैयार
डा. अंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को पंचकूला में होगा भव्य कार्यक्रम, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हरियाणा के मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

चंडीगढ़, 12 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को पंचकूला में भाजपा कार्यालय के बाहर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं साफ-सफाई कर कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा डा. अंबेडकर जयंती सप्ताह के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। श्री बड़ौली ने डा. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा डा. अंबेडकर की जयंती को पूरे प्रदेश में मनाएगी। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को पंचकूला में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि बाबा साहेब की जयंती का यह कार्यक्रम बड़ा ही भव्य होगा। भाजपा हरियाणा परिवार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत तैयार है।

श्री बड़ौली ने कहा कि इससे पहले 13 अप्रैल को प्रदेश भर में भाजपा के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर बाबा साहेब की प्रतिमाओं के आसपास सामूहिक रूप से सफाई करेंगे। सायं के समय दीपोत्सव का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि डा. अंबेडकर का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
श्री बड़ौली ने कहा कि डा. अंबेडकर के विचार विकसित भारत के निर्माण के लिए आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में गोष्ठियां, विभिन्न सामाजिक और बाबा साहेब के विचारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में समता, न्याय और शिक्षा के महत्व को उजागर करना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डा. अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।








