मानेसर लाठीचार्ज पर सियासत गरम, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
चंडीगढ़, 9 अप्रैल 2026। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मानेसर में हुए लाठीचार्ज की घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सरकार पर मजदूरों की आवाज कुचलने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि जो मजदूर दिन-रात मेहनत कर औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं, वही आज अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। लेकिन सरकार ने संवाद के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपनाया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मानेसर में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया, जो सरकार की संवेदनहीनता और तानाशाही रवैये को दर्शाता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि जनता की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग पर केंद्रित है। किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों की समस्याओं को नजरअंदाज कर सरकार केवल अपनी छवि बचाने में लगी हुई है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही, घायलों को उचित मुआवजा और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस तरह के दमनकारी रवैये पर रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।








