भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्य योजना को लेकर हुआ विचार-विमर्श
डा. अंबेडकर की जयंती को सभी बूथों पर मनाएगी भाजपा, बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 15 से 20 अप्रैल तक चलेगा अभियान
बैठक में संगठन मंत्री, फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया रहे मौजूद
कांग्रेस के नेता बेतूकी बातें करते रहते हैं : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 7 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी के स्थापना दिवस के बाद अब शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर होने कार्यक्रमों का खाका तैयार किया है। 21 और 22 अप्रैल को 4706 शक्ति केंद्रों पर बड़े स्तर पर बैठक करने की व्यापक योजना-रचना तैयार की है। सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में हुई संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका एवं आगामी कार्य योजना को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श हुआ। इस बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी, डा. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पूनिया मौजूद रहे। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और मंत्री कृष्ण बेदी ने पत्रकारों से बातचीत की और उनके सवालों के जवाब भी दिए।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी का 47वां स्थापना दिवस 20 हजार 629 बूथों पर धूमधाम से मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने मोदी और नायब सैनी सरकार की उपलब्धियां और भाजपा की नीतियों के बारे में हर बूथ पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती को भाजपा सभी बूथों पर मनाएगी। 13 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जहां-जहां मूर्तियां लगी हैं वहां स्वच्छता अभियान चलेगा और सायं के समय दीपोत्सव होगा। 14 अप्रैल को डा. अंबेडकर की जयंती है उस दिन उनकी मूर्तियों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। पत्रकारवार्ता के दौरान हरियाणा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश प्रवक्ता राज कुमार कटारिया भी मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ’पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित और स्थापित किया है। भाजपा के कार्यकर्ता 15 से 20 अप्रैल तक गांव और बस्तियों में लोगों के साथ पंचतीर्थ और डा. अंबेडकर के विचारों पर चर्चा करेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में 4706 शक्ति केंद्र हैं। इन सभी शक्ति केंद्रों पर 21 और 22 अप्रैल को बड़े स्तर पर बैठकें होगी। इन बैठकों में प्रदेश पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा हमेशा चुनावी मोड़ में रहती है। आने वाले समय में नगर निकाय, परिषद, पालिका के चुनाव होने हैं। भाजपा के प्रत्याशी चुनाव जीते इसके लिए पार्टी ने चुनाव जीतने की व्यापक योजना रचना तैयार की है। एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव हैं इन राज्यों में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और असम में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के कुशासन से वहां की जनता परेशान है। टीएमसी की सरकार में जातीय दंगे हुए और लोगों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 100 फीसदी भाजपा की सरकार बनेगी और लोगों को टीएमसी के कुशासन से मुक्ति मिलेगी।
श्री बड़ौली ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कहने के लिए कुछ बचा नहीं है। कांग्रेस के नेता बेतूकी बातें करते रहते हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेकों कार्य किए हैं। एक सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण, लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का काम मोदी सरकार ने किया है।
हरियाणा में किसानों को नहीं कांग्रेस को दिक्कत हो रही है : कृष्ण बेदी
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बुधवार को कैबिनेट की बैठक है जिसमें जनता को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद, उठान सही तरीके से हो इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यापक योजना तय की है। मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई हैं जो मंडियों में निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद भी निरीक्षण कर रहे हैं ताकि किसानों को कोई दिक्कत ना आए।
कैबिनेट मंत्री बेदी ने कहा कि ‘‘जे’’ फार्म कटने के बाद 48 घंटों में किसानों के बैंक अकाउंट में पैसे आ रहे हैं। हरियाणा में किसानों की सभी 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा के साथ राजस्थान, पंजाब, यूपी, हिमाचल के बार्डर लगते हैं। सरकार ने फसल खरीद का सिस्टम बनाया है। हरियाणा के किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीद रही है। हरियाणा के किसान को जितनी सुविधाएं नायब सैनी सरकार दे रही है उतनी किसी अन्य राज्यों में नही मिल रही।
कृष्ण बेदी ने कहा कि दूसरे प्रदेशों से जो लोग फसल लेकर आ रहे हैं उन्हें परेशानी हो रही है इससे कांग्रेस को दिक्कत हो रही है। कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा के किसानों को कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपनी फसल की जानकारी दी है उनकी फसलें खरीदी जा रही है। हरियाणा का किसान हमारे लिए सर्वोपरि है। आढ़ती, किसान, व्यापारी और लेबर को सरकार कोई समस्या नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि दूसरे प्रांत का व्यक्ति हरियाणा में फसल नहीं बेच सकता।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन में किसानों का अपमान किया है। कांग्रेस की सरकार में किसानों को दो-दो रुपये के चेक मिलते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी सिस्टम बनाया है। भाजपा सरकार में किसान खुश है और सरकार भी किसानों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।








