*कंट्रोल रूम में मिल रही हर शिकायत का त्वरित समाधान, पर्याप्त स्टॉक के साथ सप्लाई सुचारू*
गुरुग्राम, 04 अप्रैल। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और पिछले एक सप्ताह के दौरान कालाबाजारी की एक भी शिकायत सामने नहीं आई है। डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी वितरण प्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध डायवर्जन पर रोक लगाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को समय रहते रोका जा सके।
डीएफएससी की सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार जिले की सभी 58 गैस एजेंसियों और प्रिंट मीडिया तथा आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कंट्रोल रूम का नंबर 0124-2868930 प्रदर्शित किया गया है, ताकि उपभोक्ता सीधे संपर्क कर सकें और उन्हें त्वरित सहायता मिल सके। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में मिल रही प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
राकेश कुमार ने कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में 58 गैस एजेंसियों के पास 14,881 सिलेंडर मौजूद हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। विभाग द्वारा रोजाना सप्लाई की निगरानी की जा रही है, ताकि आगे भी किसी प्रकार की कमी न हो।







