मानवता की सेवा ही परमात्मा की सेवा—सनातन धर्म विश्व कल्याण का मार्ग : रणबीर सिंह गंगवा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कैबिनेट मंत्री ने पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106 वें वार्षिकोत्सव का किया शुभारंभ

लोक निर्माण मंत्री ने कहा, भारत विश्व में शांति और संवाद का अग्रदूत

गुरुग्राम, 04 अप्रैल। हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं मार्ग) व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हमारे सभी धर्मों का मूल संदेश मानवता की सेवा है और यही परमात्मा की सच्ची सेवा भी है। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” का सिद्धांत हमारे सनातन धर्म की आत्मा है, जो सदैव समस्त विश्व के कल्याण और मंगल की कामना करता है। सनातन धर्म केवल एक आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की ऐसी पद्धति है जो समाज में समरसता, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करती है। कैबिनेट मंत्री शुक्रवार की देर शाम पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106 वें वार्षिकोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने दीप प्रज्वलित कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ करने उपरांत अपने संबोधन में कहा कि हमारे संत-महात्माओं, गुरुजनों और धार्मिक गुरुओं ने हमेशा मानवता की सेवा, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान का संदेश दिया है। साथ ही यह भी सिखाया है कि जब धर्म और राष्ट्र पर संकट आए, तो उसकी रक्षा के लिए दृढ़ता और साहस के साथ खड़ा होना भी आवश्यक है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि हमारे संतों और गुरुओं ने समय-समय पर समाज की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

श्री गंगवा ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जब विश्व अशांति और संघर्ष के दौर से गुजर रहा है, तब पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में शांति और संवाद का संदेश दे रहा है, जो हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की ही देन है। उन्होंने आश्रम द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ यदि संस्कार जुड़े हों, तो वही एक अच्छे समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बनते हैं। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर आश्रम को 11 लाख रूपये की राशि देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, जीएवी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन प्रदीप कौशिक, तहसीलदार रोहतास पवांर, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पटवारी सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!