ईरान युद्ध के बहाने कालाबाजारी तेज, गैस व स्टील के दामों में उछाल से उद्योग प्रभावित: श्रीपाल शर्मा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मजदूरों का पलायन बढ़ा, गुरुग्राम-फरीदाबाद में मैनपावर संकट गहराया; प्रशासन से कीमतें नियंत्रित करने की मांग

गुरुग्राम। कादीपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष व समाजसेवी श्रीपाल शर्मा ने कहा कि ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच कुछ लोगों ने कालाबाजारी शुरू कर दी, जिससे बाजार में कृत्रिम रूप से दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक संकट जितना है, उससे कहीं ज्यादा कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे बाजार का संतुलन बिगड़ता जा रहा है।

श्रीपाल शर्मा के अनुसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे औद्योगिक शहरों में बड़ी संख्या में बाहरी श्रमिक काम करते हैं, जिनमें अधिकांश अस्थायी कर्मचारी हैं और उनके पास गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। मौजूदा हालात में ये श्रमिक अपने-अपने गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं, जिससे उद्योगों में मैनपावर की कमी पैदा हो रही है और उत्पादन पर असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो हर संकट को अवसर में बदलकर मुनाफाखोरी करते हैं, जिसका उदाहरण कोरोना काल में भी देखा जा चुका है। इस प्रवृत्ति के कारण आमजन और उद्योग दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

श्रीपाल शर्मा ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि आवश्यक वस्तुओं के दाम जल्द से जल्द नियंत्रित किए जाएं, ताकि कालाबाजारी और लूट-खसोट पर रोक लग सके। उन्होंने बताया कि गैस के साथ-साथ स्टील के दामों में भी भारी उछाल आया है, जिससे औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया तो बाजार व्यवस्था पूरी तरह असंतुलित हो सकती है और इसका सीधा असर उत्पादन, रोजगार और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!