कलेक्टर रेट की मार: आम आदमी का घर खरीदना हुआ मुश्किल – चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बढ़े सर्किल रेट वापस लेने की मांग, कहा—जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

गुरुग्राम,3 अप्रैल 2026 । संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने शहर में कलेक्टर (सर्किल) रेट में की गई भारी वृद्धि पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले को आम जनता पर सीधा आर्थिक हमला करार देते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि कलेक्टर रेट में वृद्धि से रजिस्ट्री शुल्क, स्टांप ड्यूटी और अन्य सरकारी शुल्कों में भारी इजाफा हुआ है, जिससे खासकर मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वाले लोगों के लिए मकान लेना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में आम आदमी का अपना घर लेने का सपना लगभग असंभव होता जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि पहले से ही महंगाई, बढ़ती ब्याज दरों और रोजमर्रा के खर्चों से जूझ रही जनता पर इस तरह का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। इस फैसले का असर रियल एस्टेट बाजार पर भी पड़ेगा, जिससे प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में कमी आएगी और रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे।

चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रेट में की गई इस वृद्धि को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!