एलपीजी कंट्रोल रूम में प्राप्त हर शिकायत का लिया जा रहा संज्ञान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिछले 24 घंटे में प्राप्त 91 शिकायतें सम्बंधित गैस एजेंसी को ट्रांसफर

पर्याप्त एलपीजी स्टॉक के साथ सप्लाई सुचारू, निगरानी लगातार जारी

गुरुग्राम, 01 अप्रैल। डीसी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी से जुड़ी कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध डायवर्जन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस दिशा में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चला रही हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और गैस की आपूर्ति सुचारू बनी रहे।

उन्होंने बताया कि शिकायत निवारण प्रणाली को पहले से अधिक सुदृढ़ किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान टोल-फ्री नंबर पर कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें संबंधित एजेंसियों को तुरंत अग्रेषित कर दिया गया है और उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

डीएफएससी अशोक रावत ने बताया कि डीसी अजय कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ-साथ जिले की सभी 58 गैस एजेंसियों पर कंट्रोल रूम का लैंडलाइन नंबर 0124-2868930 प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि उपभोक्ता किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे प्रशासन से संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।

पर्याप्त एलपीजी स्टॉक के साथ सप्लाई सुचारू, निगरानी लगातार जारी

अशोक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में जिले की 58 गैस एजेंसियों के पास कुल 15,016 सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा एलपीजी की आपूर्ति और वितरण पर प्रतिदिन निगरानी रखी जा रही है, ताकि आगे भी किसी प्रकार की कमी या व्यवधान की स्थिति उत्पन्न न हो और उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवा मिलती रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!