फसल खरीद के दौरान किसानों के समक्ष किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए: डीसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीसी अजय कुमार ने सरसों व गेहूं खरीद को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

गुरुग्राम, 30 मार्च। डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में सरसों व गेहूं की खरीद प्रबंधन बारे संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला में 28 मार्च से सरसों की खरीद जारी है व 1 अप्रैल से गेहूं की की खरीद शुरू की जाएगी।

डीसी अजय कुमार ने बैठक में पिछले सीजन में हुई आवत व इस बार मंडियों ने आने वाली फसल की अनुमानित आवत की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि खरीद के दौरान जिला में स्थापित मंडियों में किसानों के समक्ष जैसे बिजली-पानी, शौचालय व टोकन आदि सहित अन्य किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। डीसी ने कहा कि निर्धारित शैड्यूल के अनुरूप ही किसान मंडियों में अपनी फसल लेकर आएंगे। फसल खरीद के बाद मंडी से फसल का उठान भी साथ-साथ होना जरूरी है।

डीसी ने निर्देश दिए कि खरीद के दौरान पर्याप्त संख्या में बारदाना भी होना चाहिए। यदि बारदाना कम है तो उसके बारे में उच्चाधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि फसल के उठान के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रांसपोर्टेशन भी होना चाहिए। इसी प्रकार से उचित गोदाम की व्यवस्था हो। आढतियों के पास तिरपाल, झरना, वजन, पर्याप्त लेबर और बारदाना सीलने के लिए समुचित संख्या में सिलाई मशीन होनी चाहिए। डीसी ने निर्देश दिए कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की फसल ही सरकारी खरीद पर मंडियों में होगी। सरकार के निर्देशानुसार फसल की खरीदारी टोकन के हिसाब से होगी। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि तीनों मंडियों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहे, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

बैठक में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के जिला प्रबंधक विनय यादव ने बताया कि जिले की तीनों मंडियों में जियो-फेंसिंग का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। बायोमेट्रिक व्यवस्था के लिए मंडियों में तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंडी के मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां पटवारी एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां किसान अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, जिनका 24 से 48 घंटे के भीतर समाधान किया जा रहा है। बैठक में मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने बताया कि मंडियों में गेहूं की फसल की आवक को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव, डीएफएससी डॉ अशोक रावत, डीएम हैफेड धर्मेंद्र, पटौदी मार्केट कमेटी के सचिव विपिन यादव, फर्रूखनगर मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन से मैनेजर रेखा मलिक सहित सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!