नागरिकों की सुविधा के लिए मंगलवार को अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे निगम कार्यालय, निगमायुक्त ने समय पर भुगतान की अपील की
गुरुग्राम, 30 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) क्षेत्र के नागरिकों के लिए प्रॉपर्टी टैक्स और वाटर बिल जमा करने का आज अंतिम दिन है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल से नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स पर ब्याज तथा वाटर बिल पर सरचार्ज लागू कर दिया जाएगा। ऐसे में समय पर भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक भार उठाना पड़ेगा।
नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। मंगलवार, 31 मार्च को अवकाश के दिन भी निगम के सभी संबंधित कार्यालय खुले रखे जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने बकाया बिल समय पर जमा कर सकें।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द अपना प्रॉपर्टी टैक्स व वाटर बिल जमा कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान करने से नागरिक अतिरिक्त ब्याज और सरचार्ज से बच सकते हैं, साथ ही निगम को भी शहर के विकास कार्यों को गति देने में सहायता मिलती है।
निगम प्रशासन ने यह भी बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक अपने नजदीकी निगम कार्यालय में जाकर या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आसानी से भुगतान कर सकते हैं।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे समय पर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में भागीदार बनें।








