रबी फसल खरीद सीजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, मंडियों में चाक-चौबंद प्रबंध के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रबी फसल खरीद सीज़न प्रबंधों बारे सीएम ने वीसी के ज़रिए अधिकारियों से ली प्रबंधों की जानकारी

-डीसी अजय कुमार ने हैफेड, डीएफएससी, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों की ली बैठक

-डीसी ने सभी एजेंसियों से नियमानुसार फसल खरीद लेने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 29 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार देर सायं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी डीसी व संबंधित अधिकारियों के साथ रबी फसल खरीद सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंडियों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए।

वीसी के उपरांत डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय के वीसी रूम में हैफेड, डीएफएससी, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से फसल खरीद सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अधिकारियों ने अवगत करवाया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार मंडियों व खरीद केंद्रों पर भंडारण, बारदाना तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के पर्याप्त प्रबंध कर लिए गए हैं। फसल खरीद, उठान और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए समन्वित कार्य योजना लागू की जा रही है, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

मंडी में पर्याप्त मात्र में हो सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक मशीन

डीसी अजय कुमार ने जिला की तीनों मंडियों नामतः पटौदी जटौली मंडी, फर्रूखनगर तथा सोहना मंडी से संबंधित मार्केट कमेटी सचिव से कहा कि वे अपनी अपनी मंडियों और खरीद केंद्रों पर प्रवेश और निकासी द्वार पर सीसीटीवी लगवाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा सभी मंडियों में बायोमेट्रिक डिवाइस की उपलब्धता सुनिश्चित करे। किसान की फसल खरीद के समय बायोमेट्रिक सत्यापन होना अनिवार्य है इसलिए यह निर्बाध रूप से जारी रहनी चाहिए, इसके लिए सभी प्रकार की आवश्यक प्रबंध रखें। उन्होंने कहा कि किसान स्वयं या उनके द्वारा नॉमिनेट व्यक्ति के द्वारा फसल बेच सकता है, जिसकी डिवाइस से बायोमेट्रिक सत्यापन होगा। मंडी में प्रवेश द्वार पर फसल लाने वाले वाहन की फोटो अवश्य ली जानी आवश्यक है।

डीसी ने विशेष रूप से ई-खरीद पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि गेट पास जारी करने, फसल तुलाई और भुगतान से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडियों में साफ-सफाई, पीने के पानी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि खरीद सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं तुरंत लागू की जाएं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों की फसल की निर्बाध खरीद और उन्हें समय पर भुगतान करना है।

बैठक में डीएफएससी डॉ अशोक रावत, डीएम हैफेड धर्मेंद्र, पटौदी मार्केट कमेटी के सचिव विपिन यादव, फर्रूखनगर मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन से मैनेजर रेखा मलिक, एएफएसओ सुनील कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!