गुरुग्राम में स्कूलों को बम की झूठी ईमेल भेजकर दहशत फैलाने वाला बांग्लादेशी आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्जी जीमेल आईडी के जरिए स्कूलों को भेजी गई थी धमकी, क्रिप्टो के लालच में बना साजिश का हिस्सा

गुरुग्राम, 20 मार्च 2026। शहर के स्कूलों में बम होने की झूठी ईमेल भेजकर डर का माहौल पैदा करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 9 वर्षों से अवैध रूप से भारत में रह रहा था और फर्जी दस्तावेजों के सहारे अपनी पहचान छिपाए हुए था।

पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को गुरुग्राम के कुछ स्कूलों को बम होने की धमकी भरी ईमेल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर थाना साइबर दक्षिण, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 19 मार्च 2026 को आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रह रहा था।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब 9 साल पहले अवैध रूप से भारत आया था और पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहा था। शुरुआत में मजदूरी करने वाला आरोपी बाद में डिजिटल मार्केटिंग और ग्राफिक्स के क्षेत्र में फ्रीलांसिंग करने लगा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक फेसबुक ग्रुप के माध्यम से मामुनूर राशिद नामक बांग्लादेशी व्यक्ति के संपर्क में आया। राशिद ने आरोपी से जीमेल आईडी उपलब्ध कराने को कहा और बदले में क्रिप्टोकरेंसी (USDT) देने का लालच दिया। आरोपी ने करीब 300 जीमेल आईडी उपलब्ध करवाई, जिसके बदले उसे लगभग 250 USDT मिले। इन्हीं आईडी में से एक का इस्तेमाल स्कूलों को बम की झूठी धमकी देने के लिए किया गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!