मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को प्रदान करेंगे फ्लैटों की चाबियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री 22 मार्च को विकसित बादशाहपुर महारैली को भी करेंगे संबोधित

डीसी अजय कुमार ने आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

गुरुग्राम, 19 मार्च। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आगामी 22 मार्च को विकसित बादशाहपुर महारैली के दौरान मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां प्रदान करेंगे। हाल ही में गुरुग्राम में योजना के तहत ड्रॉ आयोजित किया गया था, जिसमें 2709 पात्र लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किए गए हैं। डीसी अजय कुमार ने गुरुवार को लघु सचिवालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी।

इससे पूर्व, हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाईन तथा महानिदेशक जे गणेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खांगवाल भी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुईं। डीसी अजय कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

डीसी ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन के सफल संचालन हेतु एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। इस कमेटी में एसडीएम मानेसर, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन, एडीआईओ, डीआईपीआरओ तथा उपायुक्त कार्यालय के लेखा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है, जबकि डीटीपी (पी) को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन गुरुग्राम यूनिवर्सिटी कैंपस के सामने कांकरौला के खुले मैदान में किया जाएगा, जहां तैयारियां तेज़ी से जारी हैं।

बैठक के उपरांत डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री उन लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां प्रदान करेंगे, जिन्होंने ड्रा के बाद निर्धारित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल पात्र परिवारों के लिए अपने घर के सपने को साकार करने का महत्वपूर्ण अवसर है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले हजारों लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और आपातकालीन सेवाओं की तैयारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करें, ताकि कार्यक्रम सफल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके

इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम मानेसर दर्शन यादव, सीटीएम सपना यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!