जोन-4 के वार्ड पार्षदों के साथ संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक की बैठक, नागरिक समस्याओं के समाधान पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सफाई, कचरा उठान, सड़क, पार्क और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा के दौरान मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिए गए त्वरित समाधान के निर्देश

गुरुग्राम, 11 मार्च। नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक ने अपने कार्यालय में जोन-4 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की। इस बैठक में जोन-4 से संबंधित सफाई, पार्क, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित समाधान करना है।

बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को संयुक्त आयुक्त के समक्ष रखा। पार्षदों ने विशेष रूप से क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कचरा उठान, सिवरेज, ड्रेनेज, सड़क, पार्क, स्ट्रीट लाइट तथा पेयजल से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और इनके समाधान की मांग की।

संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वार्ड पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर समस्याओं का जल्द समाधान करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा कचरा उठान की व्यवस्था नियमित और व्यवस्थित तरीके से की जाए। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट, सड़क, पार्क और जल निकासी से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में यह भी तय किया गया कि इस प्रकार की बैठकें नियमित की जाएंगी। इससे वार्डों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और बेहतर होगा और विकास कार्यों को गति मिलने सहित नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!