सत्य की जीत: केजरीवाल–सिसोदिया के बरी होने पर आप कार्यालय में जश्न, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का भव्य स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भिवानी (जतिन/राजा): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा कथित शराब नीति से जुड़े सीबीआई मामले में सभी आरोपों से बरी किए जाने के बाद शनिवार को नेहरू कॉलोनी स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया।

अदालत के फैसले के बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया, मिठाइयां बांटीं और “सत्य की जीत” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यह अवसर इसलिए भी ऐतिहासिक बन गया क्योंकि इस विजय समारोह की अध्यक्षता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र पुनिया ने की, जिनका कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि साक्ष्यों के अभाव में किसी भी व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। निर्णय में कहा गया कि जांच एजेंसी पुख्ता सबूत प्रस्तुत करने में विफल रही, जिसके चलते दोनों नेताओं को दोषमुक्त किया गया। आप नेताओं ने इस निर्णय को लोकतंत्र, न्यायपालिका और सत्य की बड़ी जीत बताया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र पुनिया ने कहा कि यह केवल दो नेताओं की नहीं, बल्कि सच्चाई और न्याय की जीत है। उन्होंने कहा, “हमारे शीर्ष नेताओं के खिलाफ जो मामला बनाया गया, वह पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र था। बिना ठोस सबूत के उन्हें प्रताड़ित किया गया, लेकिन अंततः न्याय व्यवस्था ने सच्चाई को सामने ला दिया। यह फैसला उन लोगों के मुंह पर करारा तमाचा है जो झूठे आरोप लगाकर पार्टी की छवि धूमिल करना चाहते थे।”

अपनी नई जिम्मेदारी पर बोलते हुए डॉ. पुनिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। “हम घर-घर जाकर जनता को बताएंगे कि किस तरह आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन हम न तो झुके हैं और न ही रुकेंगे,” उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दलजीत तालु, विजय सिंह फौजी, भूप सिंह प्रजापति, रमेश शर्मा, डॉ. रतन घणघस, अनिल सिवाच, दीप हिंदुस्तानी, सुरेंद्र डाबला, विवेक शर्मा घुसकानी, कुलदीप पांचाल, सतबीर घणघस, सुरेंद्र बड़ेसरा, सतीश मेहरा, सुनील कुंगड़, राजेंद्र रंगा, विजय कुमार, युधिष्ठिर, जय सिंह दहिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह फैसला आने वाले समय में पार्टी को और मजबूती देगा तथा जनता के विश्वास को और प्रगाढ़ करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें