गुरुग्राम के भगवान परशुराम भवन में मल्टी पर्पज हॉल का शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल का सनातन एकत्व का आह्वान

“भारत में विश्व नेतृत्व की क्षमता है, जाति-वर्गों से ऊपर उठकर एकत्व की भावना को करें बलवती”

“सर्व समाज के एकत्व से ही विश्व गुरु बनेगा भारत”

गुरुग्राम। शक्ति नगर स्थित भगवान परशुराम भवन में प्रस्तावित भव्य मल्टी पर्पज हॉल के शिलान्यास समारोह ने सामाजिक समरसता और सनातन एकत्व का सशक्त संदेश दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि भारत केवल एक राष्ट्र नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक चेतना है। यह चेतना तभी प्रखर होगी जब समाज जाति और वर्गों की संकीर्ण सीमाओं से ऊपर उठकर एकत्व की भावना को आत्मसात करेगा।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल स्वरूप ही एकत्व है। विभाजन नहीं, समरसता इसकी आत्मा है। आज विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास से देख रहा है। आने वाला समय भारत का है और यदि हम एकजुट रहे तो भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित होगा।

मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के बीच हुआ विधिवत शिलान्यास

आदर्श ब्राह्मण सभा द्वारा निर्मित भगवान परशुराम भवन में लगभग एक हजार लोगों की बैठने की क्षमता वाला आधुनिक मल्टी पर्पज हॉल बनाया जाएगा, जो केवल किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज को समर्पित होगा।

वेदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के मध्य पवन जिंदल ने आरएसएस हरियाणा प्रांत के संघ चालक प्रताप सिंह, सभा के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा, समाजसेवी एवं पूर्व चेयरमैन दिनेश शर्मा तथा केएन पांडे के साथ विधि-विधान से शिलान्यास किया। समारोह का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता के भाव से परिपूर्ण रहा।

ब्राह्मण समाज सर्व समाज का समावेश — पवन जिंदल

अपने संबोधन में जिंदल ने कहा कि ब्राह्मण समाज किसी एक वर्ग का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि सर्व समाज का समावेश है। संत, महापुरुष और अवतारी पुरुष कभी किसी जाति-विशेष तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि, भगवान परशुराम और भगवान राम के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने संपूर्ण मानवता को दिशा दी है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने वाले वर्गों पर यह विशेष दायित्व है कि वे समाज को जोड़ने का कार्य करें, न कि विभाजन का।

ब्राह्मण समाज को निभानी होगी अग्रणी भूमिका — दिनेश शर्मा

समाजसेवी एवं पूर्व चेयरमैन दिनेश शर्मा ने हॉल निर्माण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज का दायित्व है कि वह सर्व समाज को एक सूत्र में पिरोने की पहल करे। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थर की संरचना नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।

परशुराम समरसता के पुरोधा — जीएल शर्मा

सभा के मुख्य संरक्षक जीएल शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान परशुराम सामाजिक समरसता के महान पुरोधा थे। यह मल्टी पर्पज हॉल उसी समरसता के भाव को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने परशुराम भवन के निर्माण में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के अतुलनीय योगदान का उल्लेख किया तथा कार्यक्रम में उनके प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे निजी सहायक ब्रह्म यादव का धन्यवाद किया। ब्रह्म यादव ने मंत्री राव नरबीर सिंह का संदेश भी उपस्थित जनसमूह तक पहुंचाया।

मंत्री अरविंद शर्मा का वर्चुअल संबोधन

कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित न हो पाने पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से अपना संदेश दिया। उन्होंने सर्व समाज की एकजुटता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश का सौभाग्य है कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास और समरसता की योजनाएं धरातल पर साकार हो रही हैं। उन्होंने हॉल निर्माण में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

बड़ी संख्या में सर्व समाज की सहभागिता

इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष आरपी कौशिक, महामंत्री राज किशन कौशिक, महेश वशिष्ठ, किल्होड़ कंस्ट्रक्शन के ऑनर सोमवीर सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सर्व समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि गुरुग्राम की धरती से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण का जो संदेश उठा है, वह आने वाले समय में समाज को एक नई दिशा देगा।

भगवान परशुराम भवन में बनने वाला यह भव्य मल्टी पर्पज हॉल केवल एक सभागार नहीं होगा, बल्कि यह सनातन एकत्व, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय पुनर्जागरण का प्रतीक बनकर उभरेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें