रोहतक में एआईडीवाईओ का हुंकार: खाली पद भरने और बेरोज़गारी पर कड़ा विरोध प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुड़गांव/रोहतक, 22 फरवरी 2026। गुड़गांव से प्रदेश अध्यक्ष बलवान सिंह के नेतृत्व में युवा संगठन आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गेनाईजेशन (एआईडीवाईओ) के कार्यकर्ता राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। संगठन ने बढ़ती बेरोजगारी, भर्तियों में अनियमितताओं और पदों को जानबूझकर खाली रखने के विरोध में मानसरोवर पार्क से डीसी कार्यालय, रोहतक तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष बलवान सिंह ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया के नाम पर बड़ी संख्या में पद खाली छोड़े जा रहे हैं और योग्य अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक प्रोफेसर, कंप्यूटर शिक्षक सहित विभिन्न भर्तियों में सुनियोजित ढंग से पद रिक्त रखे गए हैं, जो युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने इसे चिंताजनक और निंदनीय करार दिया।

जिला संयोजक हरीश सैनी ने मांग उठाई कि रोजगार को मौलिक अधिकार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, आए दिन प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और नई नौकरियां सृजित करने के बजाय पदों को समाप्त किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के अभाव से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, त्वरित और निःशुल्क बनाने की मांग की। साथ ही कहा कि लंबी भर्ती प्रक्रिया के कारण कई युवाओं की आयु सीमा समाप्त हो जाती है, जिससे वे अवसर से वंचित रह जाते हैं।

एआईडीवाईओ ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, रोजगार को मौलिक अधिकार का दर्जा दिया जाए, आयु सीमा जैसी बाधाओं में राहत दी जाए और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए। संगठन ने नशाखोरी और अश्लीलता पर रोक लगाने की भी मांग की।

सभा को एडवोकेट अजय, संदीप, वजीर और बृजमोहन सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें