हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिगड़ती कानून व्यवस्था से प्रदेश की शांति और सुरक्षा पर संकट – राव नरेंद्र सिंह

महेंद्रगढ़/चंडीगढ़। 18 फरवरी। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और अपराधी तत्वों के हौसले बुलंद हैं। दिनदहाड़े हत्या, डकैती और लूट जैसी घटनाएं खुलेआम हो रही हैं, जिससे आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है। इसके विपरीत, विपक्ष की आवाज दबाने के उद्देश्य से विपक्षी विधायकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस विधायक दविंदर हंस पर दर्ज की गई एफआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष से प्रेरित प्रतीत होती है। सरकार का ध्यान प्रदेश में कानून व्यवस्था बहाल करने के बजाय विपक्ष को निशाना बनाने पर केंद्रित है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों के साथ किसी भी प्रकार की नाइंसाफी को सहन नहीं करेगी और इस प्रकार की कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
मनरेगा में किए जा रहे बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पात्र लाभार्थियों के अधिकारों में कटौती कर उनके जीवनयापन पर आघात पहुंचा रही है। कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ विधानसभा का घेराव करेगी, ताकि सरकार को जनता की आवाज सुनने के लिए बाध्य किया जा सके।

अंत में राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भ्रष्ट और दमनकारी नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा और पार्टी जनता के हकों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

इस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष सत्यवीर यादव झुकिया ने कहा प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण बुजुर्ग, गरीब और किसान वर्ग अत्यंत परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी आमजन के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

वहीं महिला जिला अध्यक्ष डॉ राज सुनेश ने कहा कि जब तक प्रदेश की महिलाओं, बुजुर्गों और किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों और आम नागरिकों से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विजेंदर चेयरमैन महासचिव प्रदीप यादव अनिल डागर , जितेंद्र चोटी, गीता देवी , विनोद पूर्व सरपंच , भगवान सिंह विनोद शेखावत सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें