गुरुग्राम में बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम ने बालोला गांव में तीन इकाइयों को किया सील, लाखों की बकाया राशि वसूली के दायरे में

गुरुग्राम, 10 फरवरी । नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में निगम के जोन 4 की टैक्स शाखा ने गांव बालोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन व्यावसायिक इकाइयों को सील कर दिया। इन संपत्तियों पर लंबे समय से टैक्स बकाया था, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन संपत्ति मालिकों द्वारा बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया कर जमा नहीं कराया गया, उनके विरुद्ध सीलिंग जैसी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को बालोला स्थित जिन तीन प्रॉपर्टीज को सील किया गया, उन पर क्रमशः 29,76,812 रूपए, 32,02,912 रुपए तथा 23,03,261 रुपए का बकाया है।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स शहर के विकास कार्यों की मुख्य आधारशिला है। इसी राजस्व से सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पार्कों का रखरखाव और अन्य नागरिक सुविधाएं संचालित होती हैं।
अधिकारियों ने संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया टैक्स जमा कराएं, अन्यथा सीलिंग, रिकवरी और अन्य दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार नगर निगम की टीमों द्वारा विभिन्न जोनों में बकायादार संपत्तियों की पहचान कर सूचीबद्ध किया जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी डिफॉल्टर संपत्तियों पर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!