राहुल गांधी ने सिख समाज के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति पर सीधा आघात किया है : मोहन लाल बड़ौली
सिखों का अपमान कांग्रेस पार्टी के डीएनए में : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 4 फरवरी। राहुल गांधी द्वारा सिखों के अपमान पर भाजपा भड़क गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेश में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने भी राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह को ’’गद्दार’’ कहने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सिख समाज के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति पर सीधा आघात किया है।
पंचकूला, फतेहाबाद, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर सहित कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को अहंकारी बताया। पंचकूला में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की सोच को सिख विरोधी बताया, वहीं रेवाड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका। जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बनने के लायक ही नहीं है। राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत का अपमान करते हैं। भारतीय सेना का मजाक उड़ाते हैं। वंदना पोपली ने राहुल गांधी से तुरंत सिख समाज से माफी मांगते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

राहुल गांधी की घटिया टिप्पणी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस की सिख समुदाय के प्रति नकारात्मक और घृणित सोच अब किसी से छिपी नहीं है। 1984 के सिख नरसंहार में ’गांधी परिवार’ की भूमिका से मिले जख्म सिख समाज के मन में आज भी हरे हैं।
श्री बड़ौली ने कहा कि यह अत्यंत दुःखद और शर्मनाक है कि उसी कांग्रेस का युवराज राहुल गांधी आज लोकतंत्र के मंदिर संसद जैसे गरिमामय स्थल से सिख समुदाय से आने वाले सांसद सरदार रवनीत सिंह बिट्टू जी के लिए “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग करता है। यह केवल एक असंवेदनशील बयान ही नहीं, बल्कि सिख समाज के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति पर सीधा आघात है। श्री बड़ौली ने कहा कि इस घोर आपत्तिजनक और निंदनीय कृत्य के लिए राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस को न केवल सिख समाज से, बल्कि पूरे देश से बिना किसी शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सिखों का अपमान कांग्रेस पार्टी के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि हम सिख समाज का यह अपमान नहीं सहेंगे, राहुल गांधी सिख समाज से माफ़ी मांगे और अपना त्याग पत्र दें। बड़ौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच 1984 से 2026 तक वही की वही है। उन्होंने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू उन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं जिनकी खालीस्थान समर्थक आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह सिख परिवार से है जिसने देश की सेवा की है।
मोहन लाल बड़ौली ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि चाहे संसद हो या फिर कोई भी स्थान हो मर्यादित और शालीन भाषा में ही बोलना चाहिए। यह बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है जिसके दादा ने देश की एकता अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हों उसके पोते को ‘‘गद्दार’’ बताया जा रहा है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि राजीव गांधी की सरकार के दौरान 1984 में हजारों सिखों की हत्या कर दी गई थी। घरों को जलाया गया और परिवार के परिवार तबाह हो गए। उस समय कांग्रेस सरकार आंखें मूंदे बैठी रही। श्री बड़ौली ने कहा कि एक सिख रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहना हर सिख सैनिक और उसके परिवार का अपमान है।







