नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी व डेटा सुरक्षा संबंधी मिलेगी जानकारी
जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय-सीजेएम सचिव राकेश कादियान

गुरुग्राम, 4 फरवरी- डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग और साइबर अपराधों की घटनाओं को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा “मैनेजिंग द डिजिटल वर्ल्ड – थिंक बिफोर यू शेयर” जागरूकता अभियान के अंतर्गत फ्रंट ऑफिस में एक समर्पित साइबर सुरक्षा हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इस पहल का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें त्वरित विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम राकेश कादियान ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, फर्जी समाचार, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, डेटा गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, अभिभावकों और समाज के कमजोर वर्गों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, ताकि वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का सोच-समझकर उपयोग करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या भ्रामक सूचना का शिकार न बनें।
यह पहल हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक साक्षरता बढ़ाने और आमजन तक न्याय की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य के अनुरूप है। हेल्प डेस्क नागरिकों को समयबद्ध परामर्श, आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगी।
डीएलएसए, गुरुग्राम ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें, सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें, ताकि डिजिटल प्रणाली अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनी रहे।







