गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब गुरुग्राम के प्रधान एवं आईडीसी के चेयरमैन धर्मसागर ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026 को देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला और विकास को नई गति प्रदान करने वाला बताया है। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के बुनियादी ढांचे, कृषि, उद्योग तथा युवा रोजगार को नई दिशा और ऊर्जा देगा।
धर्मसागर ने कहा कि यह बजट केवल वर्तमान आवश्यकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष फोकस को उन्होंने अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए किए गए प्रावधानों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर दिए गए विशेष जोर को देश की कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास के लिए अहम कदम बताया। उद्योग जगत की दृष्टि से भी यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम है, जो आने वाले वर्षों में भारत को और अधिक सशक्त बनाएगा।
धर्मसागर ने उभरती हुई तकनीकों के लिए किए गए अलग प्रावधानों और आईटी सेक्टर के लिए बढ़ाए गए बजट को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि बजट 2026 हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें अन्नदाता किसान, युवा शक्ति, नारी शक्ति और वंचित वर्ग शामिल हैं।
उन्होंने राज्यों के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर के तहत 1.4 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान को एक सकारात्मक और दूरगामी कदम बताया, जो सभी राज्यों के विकास को नई गति देगा। साथ ही दिल्ली–वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे दिल्ली की कनेक्टिविटी बढ़ेगी, यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी, पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इस परियोजना से व्यापार और उद्योग के लिए भी नए बाजार खुलेंगे।







