डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व में गुरुग्राम में राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का महाअभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

26 जनवरी से पूर्व शहीदों व महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विशेष सफाई, सजावट एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम**

गुरुग्राम, 24 जनवरी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर को गरिमामय बनाने तथा शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से केन्द्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व में गुरुग्राम में एक व्यापक, अनुकरणीय एवं प्रेरणादायक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे राष्ट्र सेवा, सामाजिक चेतना और संस्कार निर्माण के एक सशक्त अभियान के रूप में देखा जा रहा है।

24 जनवरी को यह स्वच्छता अभियान गुरुग्राम के अनेक प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतुल कटारिया चौक से की गई, जहां प्रतिमा स्थल की समुचित साफ-सफाई, आसपास के क्षेत्र से कचरा हटाने तथा सौंदर्यीकरण के उपरांत माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “स्वच्छता ही सच्ची श्रद्धांजलि है” के संदेश को आत्मसात किया।

इसके पश्चात अभियान शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी की प्रतिमा पर पहुंचा, जहां पुष्प अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान, साहस और राष्ट्रप्रेम को नमन किया गया। डॉ. सुधा यादव ने कहा कि भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी स्मृतियों से जुड़े स्थलों की स्वच्छता हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

इसके बाद टीम रेजांगला चौक पहुंची, जो भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। यहां भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया तथा शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को स्मरण किया गया।

इसी क्रम में उमंग भारद्वाज चौक पर भी स्वच्छता एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

इस महाअभियान में टी.सी. राव, अनूप भांभू, पवन यादव (कर्टरपुरी ), महेश यादव, पार्षद पदम, नीरज यादव पूर्व पार्षद, राकेश राणा (बाजघेरा), महावीर पार्षद , अर्जुन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आर्य समाज एवं विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुधा यादव ने कहा कि 26 जनवरी से पूर्व गुरुग्राम के सभी शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विशेष स्वच्छता, सजावट और सम्मान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की राष्ट्रवादी सोच और स्वच्छ भारत के संकल्प से प्रेरित है, जिसमें स्वच्छता को सेवा, संस्कार और देशभक्ति से जोड़ा गया है।

डॉ. यादव ने कहा कि देश के महापुरुषों और शहीदों ने अपने बलिदान से हमें स्वतंत्रता और लोकतंत्र दिया है। यदि हम उनके स्मारकों और प्रतिमाओं को स्वच्छ और सम्मानित नहीं रख सकते, तो यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी में कमी दर्शाता है। ऐसे अभियानों का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को देश के इतिहास, बलिदान और राष्ट्रधर्म से जोड़ना है, ताकि युवा वर्ग प्रेरित होकर समाज और देश के लिए सकारात्मक भूमिका निभा सके।

स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करते हैं, बल्कि समाज में एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्य की भावना को भी मजबूत करते हैं। लोगों ने डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान गुरुग्राम के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!