लाडवा विधानसभा में 1 करोड़ 9 लाख 45 हजार रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास
लाडवा (प्रमोद कौशिक), 20 जनवरी। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने बुधवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 9 लाख 45 हजार रुपये की लागत से किए गए विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘सबका साथ–सबका विकास–सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवा रही है।
सुमन सैनी सबसे पहले बाबैन की नई अनाज मंडी पहुंचीं, जहां उन्होंने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल किसान श्रमिक कैंटीन का उद्घाटन किया। इसी परिसर में उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भूजल पुनर्भरण तालाब के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर श्रमिक जीवन सुरक्षा योजना के तहत तीन लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। गांव रामशरण माजरा के सुशील कुमार को 37,500 रुपये, रामगढ़ के तरसेम को 1 लाख 25 हजार रुपये तथा बीड मथाना के संतराम को 1 लाख 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा में बिना खर्ची–बिना पर्ची युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। प्रदेश के युवा न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है और किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं।
इसके बाद सुमन सैनी गांव मेहरा पहुंचीं, जहां उन्होंने 54 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बने सब हेल्थ केयर सेंटर/आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। गांव में उन्होंने मकान मरम्मत सहायता के तहत इस्लाम को 80 हजार रुपये तथा संतोष को 50 हजार रुपये का चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना वरदान साबित हो रही है।
इस मौके पर सुमन सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मार्केट कमेटी अध्यक्ष जसविंदर सैनी, बाबैन मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, लाडवा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, नरेंद्र दबखेड़ा, पूनम सैनी, एचएसएएमबी के कार्यकारी अभियंता सतीश कुमार, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सिंह, मेहरा सरपंच सुरमुख सिंह, एसएमओ डॉ. कृष्णकांत, एमपीएचडब्ल्यू रितु व पूजा, रीना सैनी, संजीत सिंगला, सतबीर मंगोली, किशोरी लाल शाहिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







