पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा को भेंट किया गया सिरोपा, जम्मू-कश्मीर के पीड़ितों के लिए राहत सामग्री रवाना
थानेसर (संजीव कुमारी), 20 जनवरी। पंजाब केसरी ग्रुप तथा श्री रामनवमी महोत्सव उत्सव कमेटी के सौजन्य से फगवाड़ा स्थित एक निजी रिजॉर्ट में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक कला दर्पण संस्था के संरक्षक डॉ. रमेश मदन, प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण धमीजा तथा पंजाब शाखा अध्यक्ष मनिंदर सेखों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को “हरियाणा रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया।
समारोह के दौरान लोक कला दर्पण संस्था की ओर से पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार चोपड़ा को पारंपरिक सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पंजाब केसरी कुरुक्षेत्र के ब्यूरो चीफ कृष्ण धमीजा ने मुख्यमंत्री तथा पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा को लोक कला दर्पण संस्था द्वारा संचालित सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
समारोह की एक विशेष उपलब्धि के रूप में लोक कला दर्पण संस्था द्वारा जम्मू-कश्मीर के पीड़ित परिवारों के लिए आवश्यक राहत सामग्री से भरा एक ट्रक भेंट किया गया, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा ने संयुक्त रूप से रवाना किया।
इस अवसर पर दोनों विशिष्ट अतिथियों को कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित लोक कला दर्पण संस्था के आगामी कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आमंत्रित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण धमीजा एवं पंजाब शाखा अध्यक्ष मनिंदर सेखों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा को स्मृति-चिह्न एवं सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।







