डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व में ‘मेरा गुरुग्राम – स्वच्छ गुरुग्राम’ अभियान पहुँचा गाँव फ़ाज़िलपुर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित जन-आंदोलन

गुरुग्राम। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ऐतिहासिक स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरणा लेते हुए डॉ. सुधा यादव के नेतृत्व में गुरुग्राम में चल रहा ‘मेरा गुरुग्राम – स्वच्छ गुरुग्राम’ अभियान आज गाँव फ़ाज़िलपुर पहुँचा। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उसे जन-आंदोलन का रूप देना है, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी के रूप में अपनाए।

इस अवसर पर गाँव फ़ाज़िलपुर के मुख्य बाज़ार क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफ़ाई अभियान चलाया गया। बाज़ार की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ़-सफ़ाई की गई। डॉ. सुधा यादव ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर अभियान का नेतृत्व किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

डॉ. सुधा यादव ने दुकानदारों को संबोधित करते हुए कहा कि दुकान की सफ़ाई के साथ-साथ आसपास का क्षेत्र भी स्वच्छ रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि कचरा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि “मेरा गुरुग्राम, मेरी ज़िम्मेदारी” केवल एक नारा नहीं बल्कि हर गुरुग्रामवासी का संकल्प होना चाहिए।

अपने संबोधन में डॉ. सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से पूरे देश को स्वच्छता का एक सशक्त और सकारात्मक संदेश दिया है। आज भारत का हर नागरिक इस अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की सोच है कि स्वच्छता से ही स्वस्थ भारत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है, और उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए गुरुग्राम में यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।

इस अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने श्रमदान कर यह सिद्ध किया कि स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में युवा शक्ति सबसे बड़ी ताक़त है। डॉ. सुधा यादव ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि जब युवा आगे आते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित होता है।

कार्यक्रम में नीरज फ़ाज़िलपुर, महिला मोर्चा की प्रधानाध्यक्षा उषा प्रियदर्शी, पार्षद विक्रमजीत, भाजपा गुरुग्राम के उपाध्यक्ष जयवीर यादव, सतीश नागर, शैलेंद्र पांडे सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में ‘मेरा गुरुग्राम – स्वच्छ गुरुग्राम’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के समापन पर डॉ. सुधा यादव ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या एक स्थान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। यह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने गुरुग्राम की जनता से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में सहभागी बनें और “मेरा गुरुग्राम, मेरी ज़िम्मेदारी” के मंत्र को अपनाकर अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें