हरियाणा योग आयोग के आह्वान पर गुरुग्राम पुलिस ने मानेसर पुलिस लाइन में किया भव्य ‘सूर्यनमस्कार’ योगाभ्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 17 जनवरी 2026 – हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग द्वारा स्वामी विवेकानन्द जयंती (12 जनवरी) से महर्षि दयानन्द सरस्वती जयंती (12 फरवरी 2026) तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “सूर्यनमस्कार अभियान–2026” के अंतर्गत शुक्रवार को मानेसर पुलिस लाइन (गुरुग्राम) में एक भव्य और अनुशासित योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त गुरुग्राम श्री विकास अरोड़ा (IPS) के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त, जोन मानेसर श्री दीपक (IPS) की देखरेख में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मानेसर जोन के सभी पुलिस थानों एवं चौकियों के प्रबंधक/इंचार्जों सहित गुरुग्राम पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिजन और बच्चे बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

हरियाणा योग आयोग द्वारा पुलिस विभाग के लिए निर्धारित 15 से 17 जनवरी की समय-सीमा के अंतिम दिन आयोजित इस विशेष योगाभ्यास में पुलिस बल ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे जोश और अनुशासन के साथ किए गए सूर्यनमस्कार अभ्यास के माध्यम से पुलिस कर्मियों ने शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत निर्धारित SOP के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम से की गई। इसके पश्चात योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में संगीतमय मंत्रोच्चार के साथ सूर्यनमस्कार की विभिन्न आवृत्तियों का सामूहिक और उत्साहपूर्ण अभ्यास कराया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य “हरियाणा बने स्वस्थ और खुशहाल” के संकल्प को धरातल पर उतारना है। पुलिस विभाग को विशेष रूप से इस अभियान में शामिल किया गया है ताकि व्यस्त और चुनौतीपूर्ण दिनचर्या के बीच सुरक्षाकर्मी स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकें।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को www.suryanamaskarharyana.in पोर्टल पर व्यक्तिगत पंजीकरण कर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने हेतु भी प्रोत्साहित किया गया।

यह सूर्यनमस्कार अभियान 12 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा। आगामी कार्यक्रमों में 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित विशेष आयोजन तथा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूर्यनमस्कार की विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी।

“हर दिन योग, हर दिन नई शुरुआत” के संकल्प के साथ गुरुग्राम पुलिस इस अभियान में अपनी शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करते हुए समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें