प्रदेश में जनता की नहीं, चोरी की सरकार चल रही है : अल्का लांबा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा राज में अपराध, बेरोजगारी और महिला उत्पीड़न चरम पर : महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष

कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक), 17 जनवरी। जिला कांग्रेस कार्यालय कुरुक्षेत्र में शनिवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा रहीं। उनके आगमन पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, उत्तराखंड प्रभारी सुनीता गावड़े, दिल्ली प्रभारी सुनीता सहरावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मोनिका डुमरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्का लांबा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में जनता की नहीं, बल्कि वोट चोरी की सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में लगभग 25 लाख फर्जी वोट बनाकर लोकतंत्र को कमजोर किया गया और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना हुआ है।

महिलाओं के लिए भाजपा के नारे खोखले

अल्का लांबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाया है और पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान दिया गया है। इसके विपरीत भाजपा ने ‘बेटी बचाओ’ का नारा तो दिया, लेकिन महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़े हैं, जिससे आज बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महिला कांग्रेस हर पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

अग्निवीर योजना से युवाओं के सपने टूटे

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय सेना में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के सपनों को चूर-चूर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा देश की सीमाओं की रक्षा में सदैव अग्रणी रहा है, लेकिन भाजपा ने इस योजना के माध्यम से सेना और सीमाओं दोनों को कमजोर करने का काम किया है

बेरोजगारी और पलायन गंभीर चिंता

अल्का लांबा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि युवा अपने खेत-खलिहान बेचकर विदेशों में पलायन करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

मनरेगा को कमजोर करने का आरोप

उन्होंने कहा कि भाजपा ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने की कोशिश की, लेकिन गांधी जी के विचारों को मिटाया नहीं जा सकता। भाजपा सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर कर रही है और पूंजीपतियों के इशारों पर काम कर रही है।

लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव

अल्का लांबा ने कहा कि आज देश और प्रदेश में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। चुनाव आयोग से लेकर अन्य संवैधानिक संस्थाएं सरकार के दबाव में काम कर रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!