गुरुग्राम, 11 जनवरी। पटेल नगर बंध पर स्थित आरडब्ल्यूए निर्मित चौपाल में रविवार को पटेल नगर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन (पंजीकृत) की ओर से मेट्रोपोलिस हेल्थ केयर के सहयोग से एक मेगा मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

आरडब्ल्यूए के प्रधान ईश्वर सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मेट्रोपोलिस हेल्थ केयर की टीम—देवेंद्र कुमार, मृदुल मिश्रा, आमिर एवं निधि—द्वारा प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीपी, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। सभी जांच रिपोर्ट प्रतिभागियों के मोबाइल पर अगले दिन उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कैंप के दौरान चिकित्सकीय टीम ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित जांच कराने एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी उपयोगी स्वास्थ्य सुझाव दिए।
इस स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में पटेल नगर आरडब्ल्यूए के सभी पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा। कैंप का लाभ उठाने वालों में सुशील शर्मा, करण शर्मा, दीपक यादव, नरेश कौशिक, बनवारी लाल शर्मा, अमर सिंह, राधेश्याम, राजू बत्रा, कृष्ण यादव सहित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं स्थानीय नागरिक शामिल रहे।







