गुरुग्राम, 11 जनवरी। मित्र सभा गुरुग्राम (पंजीकृत) द्वारा रविवार को अपने सदस्यों के लिए सामुदायिक जन्मदिन, लोहड़ी एवं मकर संक्रांति मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे आर्य समाज, सेक्टर-4 गुरुग्राम में सभा के संरक्षक श्री धर्म सागर जी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दो वरिष्ठ सदस्यों—स्वर्गीय श्री सेवक राम दास जी एवं स्वर्गीय श्री आर.पी. कौरा जी—की दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इसके पश्चात महासचिव श्री बी.के. बजाज ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए स्वागत भाषण दिया, वहीं सभा के अध्यक्ष श्री राजन चड्ढा जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मित्र सभा की सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में श्री प्रेम गुगलानी जी ने भजनों की मधुर प्रस्तुति दी, जबकि श्री सुधीर सेवक जी ने गीत के माध्यम से सभी सदस्यों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों श्री के.एल. नागपाल जी एवं श्री एस.एन. आनंद जी को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिन सदस्यों का जन्मदिन था, उन्हें भी माला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे सभा के भीतर पारिवारिक और सामुदायिक भावना को और अधिक बल मिला।
कार्यक्रम का समापन सामुदायिक भोजन के साथ हुआ, जिसमें विशेष रूप से दक्षिण भारतीय व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में पदाधिकारियों श्री आशीष सरदाना, श्री किशोर पाहुजा, श्री विजय भगत एवं श्री अनिल ग्रोवर का विशेष योगदान रहा।







