गुरुग्राम, 11 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 12 जनवरी को गुरुग्राम के दौरे पर रहेंगे। अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जिले में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सेक्टर-12ए स्थित विवेकानंद आरोग्य केंद्र में प्रेम चंद गोयल हार्ट हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। यह अस्पताल क्षेत्र में हृदय रोगों के आधुनिक उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री बजट-पूर्व परामर्श कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें वे महिलाओं एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान विभिन्न वर्गों द्वारा दिए जाने वाले सुझावों को आगामी बजट में जनहित के दृष्टिकोण से शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के गुरुग्राम आगमन पर भाजपा कार्यालय ‘गुरुकमल’ में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।







