स्वच्छता को लेकर सड़कों पर उतरीं डॉ. सुधा यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छ गुरुग्राम मिशन के तहत 11 जनवरी को सेक्टर-23 हुडा मार्केट में चला बड़ा अभियान, दुकानदारों से की सीधी बातचीत

गुरुग्राम। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से स्वच्छ गुरुग्राम मिशन के अंतर्गत 11 जनवरी को सेक्टर-23 स्थित हुडा मार्केट में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुधा यादव ने किया। इस दौरान पूरे मार्केट क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान दुकानों के सामने, फुटपाथों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। डॉ. सुधा यादव स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और कार्यकर्ताओं के साथ श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अभियान में पूर्व भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान दीपक निवास, महिला मोर्चा की उषा प्रियदर्शी, महेश यादव, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, दुकानदार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मिलकर स्वच्छ और सुंदर गुरुग्राम के संकल्प को दोहराया।

दुकानदारों से की सीधी बातचीत, जानी समस्याएं

अभियान के दौरान डॉ. सुधा यादव ने हुडा मार्केट के दुकानदारों से आमने-सामने बातचीत की। उन्होंने साफ-सफाई, कचरा उठान, प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग, पार्किंग और बाजार की अन्य समस्याओं पर फीडबैक लिया। डॉ. सुधा यादव ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के आगे नियमित रूप से सफाई रखें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की अपील

डॉ. सुधा यादव ने कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम मिशन का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि जब तक आमजन, दुकानदार और प्रशासन मिलकर जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, तब तक स्वच्छ शहर का सपना पूरा नहीं होगा।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ गुरुग्राम मिशन के तहत आने वाले दिनों में शहर के अन्य सेक्टरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

लोगों ने की पहल की सराहना

स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिला। लोगों ने स्वच्छ गुरुग्राम मिशन में सहयोग देने और अपने स्तर पर सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!