गुरुग्राम में सूर्य नमस्कार अभियान का आग़ाज़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

1 लाख पंजीकरण का लक्ष्य, ऑनलाइन पोर्टल हुआ लॉन्च

गुरुग्राम। आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानन्द जयंती (12 जनवरी 2026) से महर्षि दयानन्द सरस्वती जयंती (12 फरवरी 2026) तक जिला गुरुग्राम में “सूर्य नमस्कार अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस जन-स्वास्थ्य अभियान का उद्देश्य आमजन को योग, अनुशासित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 1 लाख प्रतिभागियों के पंजीकरण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल www.suryanamaskarharyana.in लॉन्च किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों के साथ-साथ छात्र-छात्राएं, शैक्षणिक संस्थान, सरकारी व गैर-सरकारी विभाग, योग संस्थान और सामाजिक संगठन सरलता से पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल की प्रक्रिया पूरी तरह सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल है, जिससे हर वर्ग के लोग आसानी से जुड़ सकें।

जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव ने बताया कि अभियान की औपचारिक शुरुआत स्वामी विवेकानन्द जयंती के अवसर पर व्यायामशाला, आयुष ग्राम ख्वासपुर से की जाएगी। इस अवसर पर प्रतिभागियों को योगिक विधि से सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया जाएगा, ताकि वे सही तकनीक के साथ नियमित अभ्यास कर सकें।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में नियमित रूप से सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूर्य नमस्कार न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि वे इस जन-स्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक नागरिकों को पंजीकरण के लिए प्रेरित कर 1 लाख पंजीकरण के लक्ष्य को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें