मल्लखम्भ स्तूप-प्रदर्शन में देशभर में तृतीय स्थान हासिल
कुरुक्षेत्र (अमित), 9 जनवरी। खेलो इंडिया गेम्स में गुरुकुल के ब्रह्मचारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर गुरुकुल की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। दमन-दीव में खेल एवं युवा कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 में गुरुकुल के ब्रह्मचारी वरुण शर्मा ने मल्लखम्भ की स्तूप-प्रदर्शन स्पर्धा में देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य सूबे प्रताप सहित गुरुकुल प्रशासन ने वरुण शर्मा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी इस सफलता पर गुरुकुल परिवार को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
गुरुकुल निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 का आयोजन 5 से 10 जनवरी 2026 तक दमन-दीव के घोघला बीच पर किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में मल्लखम्भ स्पर्धा के तहत हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए गुरुकुल के ब्रह्मचारी वरुण शर्मा ने भाग लिया।
इस स्पर्धा में हरियाणा के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात तथा दमन-दीव एवं दादरा-नगर हवेली की टीमें शामिल रहीं। कड़े मुकाबले के बीच वरुण शर्मा ने मल्लखम्भ के स्तूप-प्रदर्शन में उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए आयोजन समिति द्वारा उन्हें मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि गुरुकुल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यहाँ यह सुनिश्चित किया जाता है कि छात्र शैक्षणिक रूप से सक्षम होने के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित बनें। इसी उद्देश्य से प्रत्येक छात्र को किसी न किसी खेल से जोड़ा जाता है, ताकि वह खेल मैदान में परिश्रम कर आत्मविश्वास और ऊर्जा अर्जित कर सके।
उन्होंने इस सफलता के लिए मल्लखम्भ कोच अनिल आर्य को भी बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कोच के समर्पण और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।









