गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त श्री विकास अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गुरुग्राम पुलिस की व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का किया शुभारंभ।
व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा से अब पुलिस सेवाएँ होंगी और भी आसान, तेज व पारदर्शी।
एक संदेश भेजकर मिलेगी नजदीकी थाना, महिला थाना, साईबर थाना व ट्रैफिक सहायता की लोकेशन सहित संपूर्ण जानकारी।

गुरुग्राम: 09 जनवरी 2026 – श्री विकास अरोड़ा IPS पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशन में गुरुग्राम पुलिस द्वारा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित पुलिस सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में आज दिनांक 09.01.2026 को एक ऐतिहासिक डिजिटल पहल करते हुए व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया। यह चैटबॉट +91-95999-64777 नंबर पर 24×7 उपलब्ध रहेगा, जिसके माध्यम से आमजन को अब पुलिस से जुड़ी हर छोटी-छोटी आवश्यक सेवाओं एवं जानकारियों के लिए पुलिस थानों/कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नही होगी।
श्री विकास अरोड़ा IPS, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम द्वारा इस अत्याधुनिक डिजिटल सेवा का शुभारंभ अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करके किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पत्रकारों, छायाकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को चैटबॉट की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं इसकी नागरिक-केन्द्रित उपयोगिता के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

▪️डिजिटल इंडिया की सोच को जमीन पर उतारती गुरुग्राम पुलिस: इस डिजिटल सेवा के शुभारंभ के दौरान उपस्थित छायाकार, पत्रकार व प्रेस मीडिया के माध्यम से आमजन को सूचना देने के उद्देश्य से जानकारी देते हुए पुलिस आयुक्त श्री विकास अरोड़ा ने कहा कि गुरुग्राम जैसे स्मार्ट व तेजी से विकसित होते महानगर में नागरिकों की अपेक्षाएँ भी उतनी ही आधुनिक हैं। इसी सोच के अनुरूप गुरुग्राम पुलिस ने तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए यह व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित किया है, जिससे पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद और अधिक सुलभ, त्वरित एवं भरोसेमंद बन सके।
उन्होंने कहा कि यह चैटबॉट केवल एक तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि जन-सेवा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम है, जो पुलिस प्रणाली को और अधिक जन-हितैषी एवं नागरिक-मित्र बनाएगा।
▪️कैसे करें व्हाट्सएप चैटबॉट का उपयोग: नागरिक 95999-64777 पर व्हाट्सएप के माध्यम से “Hello” संदेश भेजकर चैटबॉट से संवाद शुरू कर सकते हैं। इसके बाद भाषा चयन कर “View Services” विकल्प के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की सूची देखी जा सकती है और अपनी आवश्यकता अनुसार सेवा का चयन किया जा सकता है।
▪️व्हाट्सएप चैटबॉट पर उपलब्ध प्रमुख सेवाएँ: गुरुग्राम पुलिस के इस व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण सेवाएँ एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होंगी:
👉🏻 नजदीकी पुलिस थाना लोकेटर: सामान्य थाना, महिला थाना एवं साइबर थाना की संपूर्ण जानकारी, प्रभारी अधिकारी का नाम, संपर्क नंबर, ई-मेल तथा गूगल मैप लोकेशन।
👉🏻 महिला सुरक्षा एवं विशेष सहायता: महिला थाना से संबंधित जानकारी, प्रशिक्षित महिला अधिकारियों की सहायता एवं मार्गदर्शन।
👉🏻 साइबर अपराध से सुरक्षा: साइबर अपराध शिकायत प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, गुरुग्राम पुलिस साइबर सेल एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के लिंक, साथ ही साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 की जानकारी।
👉🏻 यातायात संबंधी सेवाएँ: ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना, गड्ढे, जलभराव, सड़क अवरोध, वाहन खराब होने जैसी समस्याओं की रिपोर्टिंग, फोटो अपलोड सुविधा, लोकेशन साझा करना एवं शिकायत पर रेफरेंस आईडी प्राप्त करना।
👉🏻 ट्रैफिक इंस्पेक्टर की जानकारी: नागरिक अपनी लोकेशन साझा कर नजदीकी ट्रैफिक इंस्पेक्टर का नाम, संपर्क नंबर, कार्य क्षेत्र एवं कार्यालय समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
👉🏻 आपातकालीन सेवाएँ: 112 सहित सभी महत्वपूर्ण पुलिस व आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे।
👉🏻 खोया हुआ मोबाइल फोन:
मोबाइल फोन गुम होने की सूचना देने के लिए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने का लिंक व जानकारी।
👉🏻 फीडबैक एवं शिकायत प्रणाली: पुलिस कार्यवाही के लिए फीडबैक दिया जा सकता है।
👉🏻 सुरक्षा जागरूकता अभियान: साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े वीडियो, एडवाइजरी एवं त्वरित सुरक्षा सुझाव।
समय की बचत, भरोसे में वृद्धि: पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह चैटबॉट न केवल नागरिकों के समय की बचत करेगा, बल्कि पुलिस के कार्यभार को संतुलित करने में भी सहायक होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों का पुलिस तंत्र पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
गुरुग्राम पुलिस की अपील: गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे इस व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सुरक्षित, स्मार्ट एवं सहयोगात्मक समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
गुरुग्राम पुलिस – आपकी सेवा, आपकी सुरक्षा के लिए सदैव [24×7] तत्पर है।
इस अवसर पर डॉ. करण गोयल पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), गुरुग्राम सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा छायाकार, पत्रकार एवं प्रेस मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







