स्वदेशी महोत्सव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला का स्टॉल उद्घाटित, पर्यावरण व विधिक जागरूकता पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंचकूला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) पंचकूला द्वारा स्वदेशी महोत्सव के दौरान विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। आज हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA) के माननीय सदस्य सचिव श्री जगदीप सिंह लोहान ने परेड ग्राउंड, सेक्टर-5 पंचकूला में आयोजित स्वदेशी महोत्सव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टॉल का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला श्री अजय कुमार घनघास ने जानकारी दी कि यह स्टॉल आमजन को विधिक सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगाया गया है।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिला बार एसोसिएशन पंचकूला के अध्यक्ष श्री पवन कुमार शर्मा ने माननीय सदस्य सचिव का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता (Chief LADC) श्री पवन कुमार कौशिक सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूरी टीम उपस्थित रही। पैनल अधिवक्ता श्री नाइब सिंह एवं श्री रोनित सिंह ने भी स्टॉल पर उपस्थित रहकर आगंतुकों को विधिक सेवाओं की जानकारी दी।

पर्यावरण विधिक साक्षरता अभियान
श्री अजय कुमार घनघास ने बताया कि हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से “Protect Today, Secure Tomorrow – Environmental Legal Literacy Protection Initiative” विशेष अभियान के तहत 20 दिसंबर 2025 से 28 दिसंबर 2025 तक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण कानूनों से संबंधित नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

माननीय सदस्य सचिव श्री जगदीप सिंह लोहान ने मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी
डीएलएसए स्टॉल पर पीएलवी सुश्री संतोष द्वारा आगंतुकों को नि:शुल्क विधिक सहायता, नालसा/हालसा/डीएलएसए की योजनाओं, तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी जा रही है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला ने न्याय, विधिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे मेले में डीएलएसए के स्टॉल पर आकर इन जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!