11 साल में पेयजल तक नहीं दे सकी भाजपा सरकार: वेदप्रकाश विद्रोही
रेवाड़ी, 20 दिसंबर 2025 – स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने कहा है कि रेवाड़ी के भाजपा विधायक द्वारा हरियाणा विधानसभा में ऑन रिकॉर्ड यह स्वीकार करना कि रेवाड़ी में तीन दिन में एक बार ही पीने का पानी मिलता है, भाजपा सरकार की विफलता पर अंतिम मुहर है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकारोक्ति उनके वर्षों पुराने आरोपों की पुष्टि है कि भाजपा सरकार बीते 11 वर्षों में रेवाड़ी-अहीरवाल क्षेत्र में पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता तक की व्यवस्था नहीं कर सकी।
विद्रोही ने कहा कि कांग्रेस और सामाजिक संगठन पिछले एक दशक से लगातार रेवाड़ी में गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा उठाते आ रहे हैं। इसके बावजूद तीन लगातार चुनावों में भाजपा को जनसमर्थन मिलने के बाद भी सरकार रेवाड़ी को पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध कराने में पूरी तरह नाकाम रही है। यह साफ दर्शाता है कि भाजपा सरकार विकास के हर मामले में रेवाड़ी और अहीरवाल क्षेत्र के साथ भेदभावपूर्ण और सौतेला व्यवहार करती आई है।
उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि हर 15 दिन बाद रेवाड़ी को 15 से 20 दिनों तक पानी की सख्त राशनिंग झेलनी पड़ती है। कभी एक दिन छोड़कर तो कभी दो दिन छोड़कर तीसरे दिन पानी की सप्लाई दी जाती है। इस भयावह हकीकत की पुष्टि अब खुद रेवाड़ी से भाजपा विधायक ने हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कर दी है।
विद्रोही ने आरोप लगाया कि जब विधानसभा में रेवाड़ी की पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया गया, तो भाजपा सरकार के मंत्री ने कोई ठोस समाधान देने के बजाय वही वर्षों पुराना, रटा-रटाया जवाब दोहरा दिया कि “जल्द ही पानी के लिए वाटर टैंक बनाने हेतु जमीन खरीदी जाएगी।” उन्होंने सवाल उठाया कि यह जमीन आखिर कब खरीदी जाएगी, इसका कोई जवाब सरकार के पास नहीं है। पिछले आठ वर्षों से भाजपा सरकार यही तोता-रटंत दोहराती आ रही है, लेकिन आज तक वाटर टैंक निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण तक नहीं किया गया।
वेदप्रकाश विद्रोही ने कहा कि यही हाल रेवाड़ी के शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे का भी है। पिछले आठ वर्षों से रेवाड़ी के सिविल अस्पताल को 200 बेड का करने और ब्याईज राजकीय महाविद्यालय के भवन निर्माण के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में आज तक कुछ भी नहीं बदला।
उन्होंने कहा कि चाहे पीने के पानी का सवाल हो, शिक्षा का या स्वास्थ्य का—रेवाड़ी-अहीरवाल की मूलभूत जरूरतों के प्रति भाजपा सरकार का रवैया शुरू से ही उपेक्षापूर्ण रहा है। बीते 11 वर्षों से भाजपा सरकार इस क्षेत्र के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर धोखाधड़ी करती आई है, जिसकी पुष्टि अब खुद भाजपा विधायक ने विधानसभा सदन में भी कर दी है।







