भाजपा सरकार प्रदूषण नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल – चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम–एनसीआर में वायु प्रदूषण जानलेवा स्तर पर

गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 700 के पार, भाजपा सरकार की घोर विफलता उजागर

गुरुग्राम, 19 दिसंबर 2025। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने कहा है कि गुरुग्राम–एनसीआर में वायु प्रदूषण अब जानलेवा स्तर पर पहुँच चुका है। गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का 700 के पार जाना बेहद चिंताजनक है और यह प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भाजपा सरकार की घोर विफलता को उजागर करता है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि जहाँ एक ओर आम जनता साँस लेने के लिए जूझ रही है, वहीं सरकार केवल खोखले दावे और विज्ञापनों तक सीमित है। प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुज़ुर्गों तथा अस्थमा, हृदय और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ रहा है। हालात यह हैं कि अस्पतालों में सांस संबंधी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाते दिखाई नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का 700 के पार पहुँचना सीधे तौर पर मानव जीवन के लिए बेहद खतरनाक स्थिति को दर्शाता है। यह अब केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर आपातकाल बन चुका है। हर साल हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार केवल बयानबाज़ी तक सीमित है और ज़मीनी स्तर पर उसके तमाम दावे फुस्स साबित हो रहे हैं।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि गुरुग्राम और पूरे एनसीआर के नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस, सख़्त और प्रभावी कदम उठाए जाएँ, अन्यथा जनता को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें