डीएलएसए गुरुग्राम का “स्वीकार: न्याय और सम्मान” अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता शिविरों का आयोजन

ट्रांसजेंडर व्यक्तियों एवं यौनकर्मियों को निःशुल्क विधिक सहायता

कल्याणकारी योजनाओं हेतु ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण सुविधा

गुरुग्राम, 18 दिसंबर- हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम द्वारा “स्वीकार: न्याय और सम्मान” अभियान के तहत जिले में निरंतर जागरूकता शिविर एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों एवं यौनकर्मियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय, सम्मान और समानता सुनिश्चित करना है।

अभियान के अंतर्गत डीएलएसए, गुरुग्राम द्वारा आमजन एवं लक्षित वर्ग के लिए कानूनी साक्षरता शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019, संवैधानिक अधिकार, भेदभाव एवं हिंसा से संरक्षण, बाल संरक्षण कानून तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

ये जागरूकता एवं सहायता शिविर स्वास्थ्य विभाग तथा एसओएसवीए (एनजीओ) के सहयोग से आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लाभार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सेवाएँ भी उपलब्ध कराई जा सकें।

इसके अतिरिक्त, चिन्हित क्षेत्रों एवं झुग्गी बस्तियों में “ट्रांसजेंडर व्यक्तियों एवं यौनकर्मियों हेतु न्याय सहायता डेस्क” स्थापित किए जा रहे हैं। इन डेस्कों पर निःशुल्क विधिक सहायता, शिकायतों एवं एफआईआर दर्ज कराने संबंधी मार्गदर्शन, उत्पीड़न अथवा शोषण से जुड़े मामलों में सहायता तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शिकायत निवारण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यहां प्रशिक्षित पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलंटियर्स एवं काउंसलर तैनात हैं, जो पूर्ण गोपनीयता एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित करते हैं।

डीएलएसए, गुरुग्राम द्वारा संबंधित सरकारी विभागों के सहयोग से कल्याणकारी योजनाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य योजनाएँ, कौशल विकास कार्यक्रम, छात्रवृत्तियाँ तथा आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र एवं अन्य पहचान दस्तावेजों से संबंधित सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।

“स्वीकार: न्याय और सम्मान” अभियान समाज में समावेशन, संवेदनशीलता एवं सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल सिद्ध हो रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें